दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) को नोटिस जारी कर संवैधानिक पदों के खिलाफ कथित आपत्तिजनक पोस्ट और वीडियो को लेकर बड़ा कदम उठाया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, NEET पेपर लीक के खिलाफ CJP के विरोध-प्रदर्शनों के दौरान और उसके बाद सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य संवैधानिक पदों को निशाना बनाकर कथित तौर पर आपत्तिजनक और मानहानिकारक सामग्री साझा की गई। इसी मामले की जांच के तहत पुलिस ने एक्स से संबंधित पोस्ट और वीडियो को तत्काल हटाने या ब्लॉक करने का अनुरोध किया है।
इसके साथ ही दिल्ली पुलिस ने संबंधित अकाउंट धारकों की विस्तृत जानकारी भी मांगी है। इसमें अकाउंट होल्डर का नाम, पता, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, रजिस्ट्रेशन डिटेल्स, लॉग-इन और लॉग-आउट का समय तथा अन्य तकनीकी जानकारी शामिल है। पुलिस ने प्लेटफॉर्म को निर्देश दिया है कि संबंधित पोस्ट, वीडियो और सभी डिजिटल रिकॉर्ड को जांच पूरी होने तक सुरक्षित रखा जाए, ताकि उन्हें साक्ष्य के रूप में इस्तेमाल किया जा सके।
पुलिस ने BSA की धारा 63(4) के तहत आवश्यक प्रमाणपत्र भी मांगा है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है। इसके साथ ही इस कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया पर साझा की जाने वाली सामग्री और डिजिटल जवाबदेही को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है।




