Geological survey of India के 176 साल के इतिहास में पहली बार किसी महिला को बनाया गया DG. दरअसल वर्षा अशोक अगलावे ने जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया की 54वीं डायरेक्टर जनरल के तौर पर पदभार संभाला। वह भारत के इस प्रमुख जियोसाइंटिफिक संगठन के 176 साल के इतिहास में इसकी अगुवाई करने वाली पहली महिला बनीं। इन्होंने असित साहा की जगह ली है, जिन्होंने 27 जुलाई, 2024 से 31 जुलाई, 2026 तक डायरेक्टर जनरल के तौर पर काम किया। आपको बता दें कि वर्षा अशोक इससे पहले कोलकाता में GSI के पूर्वी क्षेत्र में एडिशनल डायरेक्टर जनरल और विभाग प्रमुख के तौर पर काम कर चुकी हैं।तीन दशक से ज़्यादा के अनुभव वाली जियोसाइंटिस्ट वर्षा अगलावे, इंडियन ब्यूरो ऑफ माइन्स में काम करने के बाद 1992 में GSI से जुड़ीं। अपने करियर के दौरान, उन्होंने GSI के केंद्रीय, उत्तरी और पूर्वी क्षेत्रों के साथ-साथ इसके केंद्रीय मुख्यालय में भी अहम साइंटिफिक और एडमिनिस्ट्रेटिव पदों पर काम किया है।इस क्षेत्र में इनके योगदान की बात करें तो सतपुड़ा-गोंडवाना बेसिन पर अपनी रिसर्च के लिए ये जानी जाती हैं। उनके अहम योगदानों में मध्य भारत में सालबार्डी-घोरपेंड क्षेत्र की डायनासोर के घोंसले बनाने की नई जगह के तौर पर पहचान करना शामिल है। उन्होंने अमेरिका में यूनिवर्सिटी ऑफ़ मिशिगन म्यूजियम ऑफ पैलियोन्टोलॉजी के साथ मिलकर पैलियोन्टोलॉजिकल रिसर्च में भी हिस्सा लिया है और 2023 में टोरंटो में प्रोस्पेक्टर्स एंड डेवलपर्स एसोसिएशन ऑफ कनाडा कन्वेंशन में भारतीय प्रतिनिधिमंडल में GSI का प्रतिनिधित्व किया है।