स्टूडेंट्स के लिए किसी भी परीक्षा में सबसे बड़ी चुनौती होती है क्वेस्चन का सही आंसर लिखना लेकिन केरल की एक यूनिवर्सिटी में छात्रों के सामने बिल्कुल अलग स्थिति आ गई। दरअसल
बीएससी (सांख्यिकी) सेकेंड सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान छात्रों को ऐसा प्रश्नपत्र मिला, जिसमें एक सवाल के ठीक नीचे उसका उत्तर भी पहले से छपा हुआ था। परीक्षा शुरू होने के कुछ ही समय बाद यह गलती सामने आई और परीक्षा केंद्रों पर मौजूद अधिकारियों ने इसकी जानकारी विश्वविद्यालय प्रशासन को दी।
मामला सामने आते ही विश्वविद्यालय ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए जांच शुरू कर दी है। इस गलती के लिए संबंधित बोर्ड ऑफ स्टडीज के अध्यक्ष से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है कि आखिर प्रश्नपत्र तैयार करने और उसकी जांच के दौरान इतनी बड़ी चूक कैसे हुई।
फिलहाल विश्वविद्यालय ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि उनकी इस गलती का परीक्षा परिणाम पर क्या असर पड़ेगा। यह निर्णय जांच पूरी होने के बाद ही लिया जाएगा कि संबंधित प्रश्न रद्द होगा या सभी छात्रों को उसके पूरे अंक दिए जाएंगे।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। कई लोग इसे परीक्षा प्रणाली की बड़ी चूक बता रहे हैं, जबकि छात्र निष्पक्ष मूल्यांकन को लेकर सवाल उठा रहे हैं।




