भारतीय रेलवे की तरफ से एक बार फिर हैरान करने वाला मामला सामने आया है इंदौर-महू रेल मार्ग की एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है वीडियो में दावा किया जा रहा है कि एक मालगाड़ी के लोको पायलट ने महू और राऊ के बीच रेलवे ब्रिज पर ट्रेन रोककर समोसे खरीदने के लिए नीचे उतर गए। वीडियो में उन्हें दुकान से समोसे लेकर हाथ में थैली के साथ वापस इंजन में चढ़ते हुए देखा जा सकता है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस दौरान मालगाड़ी करीब 10 मिनट तक ट्रैक पर खड़ी रही, जिससे आसपास मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। घटना के बाद यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया।हालांकि, पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने मामले का संज्ञान लेते हुए कहा है कि वीडियो में स्थान की स्पष्ट पहचान नहीं हो पा रही है।अधिकारियों को वीडियो और संबंधित लिंक भेज दिए गए हैं तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

रेलवे अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि तकनीकी खराबी की स्थिति में ट्रेन रोकी जा सकती है, लेकिन कोई भी लोको पायलट ट्रेन छोड़कर नहीं जा सकता। यदि जांच में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।अब सभी की नजर रेलवे की जांच रिपोर्ट पर है,जिससे साफ हो सकेगा कि वायरल वीडियो में किया जा रहा दावा कितना सही है।