बॉलीवुड अभिनेत्री और भारतीय जनता पार्टी की सांसद कंगना रनौत एक बार फिर अपने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। हिमाचल प्रदेश के मंडी से सांसद कंगना ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अपने स्कूल के दिनों की एक अनदेखी और पुरानी तस्वीर साझा की है। इस तस्वीर में वह महज 12 साल की उम्र में एक स्कूल नाटक के दौरान 'माता सीता' के रूप में मंच पर खड़ी नजर आ रही हैं। कंगना ने अपनी इस थ्रोबैक तस्वीर के जरिए अपने बचपन के दिनों को याद किया और साथ ही अपने सहपाठियों के नाम भी सार्वजनिक किए, जिन्होंने इस नाटक में भगवान राम और हनुमान जी का किरदार निभाया था। इस तस्वीर का कैप्शन लिखते हुए कंगना ने लिखा, 'राम, चंद्रेश कुमारी, हनुमान जी, पारुल मोदगिल, क्लास ऑफ 1997, हिल व्यू पब्लिक स्कूल (सरकाघाट), जिला-मंडी।' इसके तुरंत बाद कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपनी एक और क्लोज-अप तस्वीर शेयर की, जिसमें वह माता सीता के अवतार में मुस्कुराती दिख रही हैं। इस तस्वीर पर उन्होंने तंज भरे अंदाज में लिखा, 'सभी लिबरल्स को मेरा आशीर्वाद,' और साथ ही हंसने वाली इमोजी भी लगाई। उनका यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कंगना रनौत ने साझा की तस्वीर
Patnaites Media1 min read




