भारतीय छात्रों और प्रोफेशनल्स के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल ट्रंप प्रशासन H-1B वीजा, ग्रीन कार्ड और स्टूडेंट वीजा से जुड़े नियमों को और सख्त करने की तैयारी कर रहा है। यदि ये प्रस्ताव लागू होते हैं, तो इसका सबसे ज्यादा असर भारतीय वीजा आवेदकों पर पड़ सकता है। क्योंकि प्रस्तावित बदलावों के तहत H-1B वीजा प्रोग्राम, नौकरी आधारित ग्रीन कार्ड, स्टूडेंट वीजा की अवधि, OPT (Optional Practical Training) और एम्प्लॉयमेंट ऑथराइजेशन डॉक्यूमेंट (EAD) से जुड़े कई नियमों में बदलाव हो सकते हैं। EAD के ऑटोमैटिक एक्सटेंशन को भी समाप्त किया जा सकता है। इसके अलावा, H-1B वीजा के लिए मिलने वाली कुछ विशेष छूटों के नियम सख्त किए जा सकते हैं। थर्ड-पार्टी क्लाइंट साइट पर कर्मचारियों को भेजने वाले नियोक्ताओं पर अतिरिक्त शर्तें भी लागू हो सकती हैं, जबकि H-1B नियमों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों की कड़ी जांच की जाएगी।

हालांकि, ये बदलाव अभी प्रस्तावित हैं। इन्हें लागू करने से पहले औपचारिक कानूनी प्रक्रिया और सार्वजनिक समीक्षा से गुजरना होगा। फिलहाल किसी भी नियम को अंतिम मंजूरी नहीं मिली है।

अगर आप अमेरिका में पढ़ाई, नौकरी या ग्रीन कार्ड की योजना बना रहे हैं, तो आने वाले महीनों में इमिग्रेशन से जुड़े आधिकारिक अपडेट पर नजर बनाए रखें।